कुल पेज दृश्य

26 सितंबर 2009

उत्तर प्रदेश और आंध्र में मक्का की पैदावार घटने की आशंका

बुवाई में कमी और मानसून की बेरुखी से उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश के मक्का उत्पादन में करीब 20-25 फीसदी की कमी आने की आशंका है। आंध्र प्रदेश में मक्का की बुवाई 1।03 लाख हैक्टेयर और उत्तर प्रदेश में 0।79 लाख हैक्टेयर घटी है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में लगभग 40 फीसदी तथा आंध्र प्रदेश में 33 फीसदी कम बारिश हुई है।उत्तर प्रदेश कृषि मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार चालू खरीफ सीजन में राज्य में मक्का की बुवाई 7.92 लाख हैक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसकी बुवाई 8.71 लाख हैक्टेयर में हुई थी। मक्का उत्पादक क्षेत्रों में बारिश करीब 40 फीसदी कम हुई है। इसलिए मक्का के उत्पादन में करीब 20-25 फीसदी कमी आने की आशंका है। उत्पादक मंडियों में नई फसल की आवक शुरू हो चुकी है तथा अक्टूबर महीने के प्रथम पखवाड़े तक आवक का दबाव बन जाएगा। उत्पादक मंडियों में मक्का के भाव 840-850 रुपये प्रति क्विंटल चल रहे हैं। राज्य की कासगंज मंडी स्थित मैसर्स राधेश्याम राजकुमार के प्रोपराइटर अरुण बंसल ने बताया कि आगामी दिनों में पोल्ट्री फीड निर्माताओं के साथ स्टार्च निर्माताओं की मांग भी निकलेगी। पैदावार में कमी की आशंका से मक्का की मौजूदा कीमतों में गिरावट की संभावना नहीं है। दिल्ली बाजार में उत्तर प्रदेश की मक्का के भाव 990-1000 रुपये प्रति क्विंटल चल रहे हैं।आंध्र प्रदेश कृषि विभाग के अनुसार चालू सीजन में राज्य में मक्का की बुवाई में करीब 1.03 लाख हैक्टेयर की कमी आई है। चालू खरीफ सीजन में राज्य में मक्का की बुवाई 4.02 लाख हैक्टेयर में ही हुई है जबकि पिछले साल 5.05 लाख हैक्टेयर में हुई थी। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आंध्र प्रदेश में मानसून बारिश करीब 33 फीसदी कम हुई है। ऐसे में राज्य में मक्का उत्पादन में करीब 35 फीसदी कमी आने की आशंका है। राज्य की निजामाबाद मंडी में मक्का की दैनिक आवक करीब 7000 बोरियों की हो रही है। पोल्ट्री फीड निर्माताओं की मांग से मक्का के भाव 880 रुपये प्रति क्विंटल चल रहे हैं। अमेरिकी ग्रेन काउंसिल के भारत में प्रतिनिधि अमित सचदेव के बताया कि उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश की मंडियों में नई फसल की आवक शुरू हो चुकी है। कर्नाटक, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की मंडियों में नई फसल की आवक अक्टूबर के मध्य तक बनेगी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में मक्का के भाव 210 डॉलर प्रति टन चल रहे हैं। भारतीय मक्का के भाव बंदरगाह पहुंच 230 डॉलर प्रति टन हैं इसलिए भारत से निर्यात इस साल भी काफी कम रहेगा। कृषि मंत्रालय द्वारा जारी चौथे अग्रिम अनुमान के मुताबिक वर्ष 2008-09 में खरीफ सीजन में मक्का का उत्पादन 139 लाख टन होने का अनुमान है। वर्ष 2007-08 में मक्का का उत्पादन 151 लाख टन का हुआ था। वर्ष 2009-10 विपणन सीजन के लिए केंद्र सरकार ने मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 840 रुपये प्रति क्विंटल पिछले साल के बराबर ही रखा है। rana@businessbhaskar.net (बिज़नस भास्कर)

कोई टिप्पणी नहीं: