कुल पेज दृश्य

30 जून 2010

सोने के कर्ज पर सुहागा

मुंबई June 28, 2010
सोना खरीदने की योजना बना रहे लोगों को इसके बढ़ते दाम के कारण भले ही अपनी योजनाएं टाल दी हों, लेकिन सोना गिरवी रखकर कर्ज देने वाली कंपनियों को इससे काफी मुनाफा हो रहा है। सोना गिरवी रखकर कर्ज देने वाली कंपनियों का काम करने का तरीका बेहद सीधा है। ये कंपनियां सोने के बदले कर्ज देती हैं और सोने का भाव बढ़ा, तो उतने ही सोने पर ये और कर्ज दे देती हैं।सोने के बदले कर्ज देने के मामले में देश की सबसे बड़ी कंपनी मुथूट फाइनैंस के कार्यकारी निदेशक के पी पद्मकुमार ने बताया, 'सोने के दाम में आई तेजी से हमें काफी फायदा मिला है, इससे परिसंपत्ति के बदले दिये जाने वाले कर्ज की रकम अधिक हो गई है। हम हर महीने 500 करोड़ रुपये कर्ज के तौर पर दे रहे हैं। कंपनी 8,900 करोड़ रुपये का कर्ज दे चुकी है। सोने के बदले कर्ज देने वाली एक और कंपनी मण्णापुरम फाइनैंस भी सोने की बढ़ती कीमतों का फायदा उठा रही है। कंपनी के प्रबंधन निदेशक आई उन्नीकृष्णन ने बताया, 'पिछले 3 महीनों में हमने 20 फीसदी अधिक कर्ज दिया है। इसमें से 4-5 फीसदी इजाफा सोने के दाम बढऩे के कारण है और बाकी हमारी शाखाओं की संख्या बढऩे के कारण। उन्होंने कहा, 'ग्राहक सोने के बढ़ते दाम का पूरा फायदा उठा रहे हैं और कंपनी करीब 3,000 करोड़ रुपये के कर्ज दे चुकी है।यूरोपीय देशों में फैले ऋण संकट और वित्तीय बाजार की अस्थिरता के कारण इस साल सोने के दाम 15 फीसदी से भी अधिक बढ़े हैं। इसके अलावा बाजार अस्थिर रहने की आशंका के कारण लोग सोने में निवेश करना सुरक्षित मान रहे हैं। मार्च की शुरुआत से अब तक सोने के दाम 1,995 रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़कर 26 जून को 18,830 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गए हैं। (बीएस हिंदी)

कोई टिप्पणी नहीं: