कुल पेज दृश्य

17 अगस्त 2011

प्लेटिनम का बढ़ता क्रेज

सोना खरीदने वाले भी कभी प्लेटिनम के नाम से सिहरन महसूस किया करते थे। इसे पहनना बड़ी शान समझा जाता था। मध्यम वर्ग के लोग तो इसके नाम से आहें भरा करते थे, लेकिन आज प्लेटिनम पहन कर मध्यम वर्ग ही फूला नहीं समा रहा है। ऐसा इसलिए संभव हुआ है क्योंकि पिछले तीन वर्षों में सोने के दाम लगातार ब़ढ़ रहे हैं और प्लेटिनम सस्ता होता जो रहा है। अब दुनिया की दोनों बेशकीमती धातुओं में दामों का अंतर बहुत कम रह गया है। इसके चलते वो लोग जो प्लेटिनम को जौहरियों को यहाँ देखकर सिर्फ आहें भरा करते थे आज उसे पहन कर फूले नहीं समा रहे हैं। शानु मेहरा बिजनेसमैन है। पिछले साल उन्होंने डेढ़ लाख की प्लेटिनम ज्वैलरी अपनी फियांस को भेंट की है। उनका कहना है कि अभी तक इस महँगी धातु के गहने केवल उच्च वर्ग के लोग ही इस्तेमाल करते थे लेकिन अब सोने और प्लेटिनम के दामों में अंतर न के बराबर होने से इसे मध्यम वर्ग के लोग भी खरीदने लगे हैं। इस धातु का प्रयोग प्रायः लोग हीरे के साथ करते थे। लेकिन अब शुद्ध प्लेटिनम के गहने देश के हर बड़े व मझोले जौहरी के यहाँ आसानी से उपलब्ध हैं। बेहतर निवेश विकल्प व युवा वर्ग में इसके आकर्षण के चलते अपने देश में प्लेटिनम से बने गहनों की खपत 15 टन तक पहुँचने की संभावना है। पिछले वित्तीय वर्ष में ये आँकड़ा 10 टन था। सोने व प्लेटिनम के दामों में अंतर का फर्क पिछले तीन वर्षों से लगातार कम होता जा रहा है। मार्च 2008 में प्लेटिनम का अंतरराष्ट्रीय भाव 2285 डॉलर प्रति औंस था और सोने का दाम 985 डॉलर प्रति औंस था, लेकिन मंदी की मार से उसी साल अक्टूबर में प्लेटिनम का दाम घटकर 752 डॉलर प्रति औंस हो गया और सोने का दाम 882 डॉलर प्रति औंस हो गया। आज प्लेटिनम की अंतरराष्ट्रीय कीमत 1578 डॉलर प्रति औंस है और सोने का 1135 डॉलर प्रति औंस। भारत में इसकी मार्केटिंग करने वाली कंपनी 'औरा' के प्रबंधकों का मानना है कि पहले अपने देश में इस धातु का प्रयोग सेल्फ कैटलिस्ट के तौर पर फोटोग्राफी में किया जाता था, लेकिन अब इसके आमू पत्ते को तरजीह मिलने लगी है। बुलियन मार्केट के विश्लेषकों को मानना है कि इसका चलन बढ़ाने के लिए इसके दामों में पारदर्शिता लानी होगी। दुकानों पर डिस्प्ले करने होंगे। अभी तक आभूषण निर्माता इसके मनमाने दाम वसूल रहे हैं। इसके अलावा चाँदी से इसकी समानता देखने में भी ग्राहकों को धोखाधड़ी का शिकार बना देती है। कभी स्टेटस सिंबल माने जाने वाला प्लेटिनम आजकल युवाओं की अँगुली और गले की शोभा बढ़ा रहा है। (Web Dunia)

कोई टिप्पणी नहीं: