कुल पेज दृश्य

24 मार्च 2017

पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में बादल दिलाएँगे गर्मी से कुछ राहत

उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में बीते कुछ दिनों के साफ और शुष्क मौसम के चलते दिन और रात के तापमान में बेतहासा वृद्धि दर्ज की गई है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बीते 3-4 दिनों से अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर पहुँच गया है। उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में कई जगहों पर बीते 24 घंटों के दौरान दिन का तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक ऊपर पहुँच गया है। तेज़ धूप के प्रभाव से बढ़ते तापमान के बीच गर्मी की धमाकेदार शुरुआत प्रतीत हो रही है
इस बीच हमारे पास थोड़ी राहत की खबर है। इस समय उत्तर भारत में जम्मू कश्मीर के पास एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। साथ ही उत्तराखंड से एक ट्रफ रेखा पंजाब तक विकसित हो गई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बादल छाए रहेंगे और तेज़ हवाएँ चल सकती हैं। जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज के साथ वर्षा जारी रहेगी।

ट्रफ के प्रभाव से दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में अगले 24 घंटों के दौरान बादलों का प्रभाव कुछ समय के लिए बढ़ेगा। इस दौरान इन राज्यों में एक-दो स्थानों पर गरज और तेज़ आँधी जैसी हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है।

मौसमी गतिविधियां विशेषकर पंजाब और हरियाणा के तराई वाले जिलों में देखने को मिल सकती हैं। इसमें अमृतसर, पठानकोट, नवाशहर, चंडीगढ़, पंजकुला और करनाल में यह गतिविधियां संभावित हैं। अगले 24 घंटों की अवधि में दिल्ली में भी कुछ जगहों पर मेघगर्जना और तेज़ हवा के झोंकों के साथ छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है। इन सिस्टमों के आगे निकलने के साथ मौसम साफ और शुष्क हो जाएगा लेकिन अनुमान है कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि 24 मार्च के बाद से फिर से मौसम गर्म हो जाएगा।        ---skymetweather

कोई टिप्पणी नहीं: