कुल पेज दृश्य

08 मार्च 2017

जम्मू कश्मीर के साथ हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई जगहों पर वर्षा

जम्मू कश्मीर के पास एक नया पश्चिमी विक्षोभ पहुँच गया है। इस सिस्टम के प्रभाव से कल जम्मू कश्मीर के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई जगहों पर वर्षा और कुछ स्थानों पर बर्फबारी होने की संभावना है। इस पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से विकसित हुआ चक्रवाती सिस्टम इस समय पंजाब, हरियाणा और राजस्थान पर आप देख सकते हैं। इसके चलते पंजाब में बुधवार को अच्छी बारिश हो सकती है। हरियाणा के कुछ भागों और उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर जबकि उत्तरी राजस्थान और दिल्ली में एक-दो स्थानों पर गरज के साथ वर्षा होने के आसार हैं।
मध्य भारत के भागों में मध्य प्रदेश से तमिलनाडु तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है। इसके प्रभाव से इन भागों में मौसमी हलचल बनी रहेगी। अनुमान है कि विदर्भ, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें दर्ज की जाएंगी। बेंगलुरु में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं।
एक ट्रफ ओड़ीशा से उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तक बनी हुई है। इस सिस्टम के प्रभाव से कोलकाता सहित गंगीय पश्चिम बंगाल और ओड़ीशा के कुछ भागों में हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं। पूर्वोत्तर राज्यों में भी कुछ स्थानों पर बारिश जारी रहने के आसार हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: