कुल पेज दृश्य

11 अप्रैल 2017

12 अप्रैल 2017 का मौसमी पूर्वानुमान




देश भर में बने मौसमी सिस्टम
उत्तरी आंतरिक कर्नाटक पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा मराठवाड़ा क्षेत्र से इस सिस्टम के बीच से होते हुए तटीय कर्नाटक तक पहुंच रही है।
एक अन्य चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र दक्षिणी अंडमान सागर तथा उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी पर बना हुआ है। अनुमान है कि यह सिस्टम धीरे-धीरे और सशक्त होगा तथा उत्तर-पूर्वी दिशा में आगे बढ़ेगा।
एक ट्रफ रेखा कोमोरिन क्षेत्र से दक्षिणी तमिलनाडु तक पहुंच रही है।
पूर्वोत्तर भारत में असम और इससे सटे मेघालय पर भी एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। उत्तर-पूर्वी बिहार से गंगीय पश्चिम बंगाल तथा ओड़ीशा होते हुए दक्षिणी छत्तीसगढ़ तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है।
देश के विभिन्न भागों में दर्ज की गई मौसमी गतिविधियां
बीते 24 घंटे के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ वर्षा दर्ज की गई है। सोमवार की सुबह 8:30 बजे से पिछले 24 घंटों की अवधि में चेरापूंजी में 44 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
कर्नाटक केरल और अंडमान निकोबार द्वीपसमूह में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हुई। बंगलुरु में भी बूँदाबाँदी देखने को मिली।
गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में कहीं-कहीं लू जैसे हालात बने रहे। गुजरात के अधिकांश भागों में दिन का तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड किया गया। मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु और रायलसीमा में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा।
उत्तर के मैदानी राज्यों और गंगा के मैदानी क्षेत्रों में उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलती रहीं, जिसके चलते इन भागों में तापमान सामान्य के आसपास बना रहा।
आगामी 24 घंटों का मौसमी पूर्वानुमान
अगले 24 घंटों के दौरान गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में लू का प्रकोप बढ़ जाएगा। राज्य के अन्य भागों में भी लू चलने की संभावना बन रही है। ओडिसा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और रायलसीमा के कुछ हिस्सों में भी लू जैसी स्थिति बन सकती है।
पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश में तापमान में बढ़ोत्तरी होने के आसार हैं।
अरुणाचल प्रदेश और असम में कुछ स्थानों पर वर्षा दर्ज की जा सकती है। शेष पूर्वोत्तर राज्यों में हल्की बारिश के आसार हैं।
इसके अलावा उत्तर पूर्वी बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा में आकाशीय बिजली कड़कने और गर्जना के साथ हल्की बौछारें गिरने की संभावना है। उत्तर भारत के पर्वतीय राज्यों में मौसम शुष्क तथा सुहावना बना रहेगा।
केरल, दक्षिणी कर्नाटक और दक्षिणी तमिलनाडु में भी हल्की बारिश होने की संभावना है।…………www.skymetweather.com

कोई टिप्पणी नहीं: